राज्यस्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में देवघर की टीम ने लहराया परचम, हासिल किया तीसरा स्थान

WhatsApp Channel Join Now
राज्यस्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में देवघर की टीम ने लहराया परचम, हासिल किया तीसरा स्थान


देवघर, 29 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में देवघर जिले की वॉलीबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए टीम को 50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

रांची के खेल गांव में 26 से 28 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न प्रमंडलों की विजेता टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। देवघर की टीम ने बेहतर खेल कौशल, अनुशासन, आपसी तालमेल और संघर्ष क्षमता का परिचय देते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया।

देवघर टीम में आयुष नेवर, आशिफ आलम, चीकू, अभिनंदन, मंटू, मानु, अनीश और यशवंत शामिल थे। टीम के प्रशिक्षक नितेश पंडित थे।

देवघर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने रविवार काे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। देवघर की टीम ने राज्यस्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलता रहे तो देवघर के खिलाड़ी आने वाले दिनों में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

वहीं, देवघर जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष ध्रुव सिंह ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देवघर का नाम रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जिले के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

जिला खेल प्राधिकरण के सचिव आशीष झा ने कहा कि देवघर की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि छोटे शहरों और जिलों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें सही अवसर, बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने की।

टीम की सफलता पर जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला वॉलीबॉल संघ के मुख्य संरक्षक डॉ. जेसी राज, सचिव नवीन शर्मा सहित कृष्णा कुमार बरनवाल, संजय मालवीय, जोगी तिवारी, रोहित कुमार, ऋषि राज सिंह, राकेश पांडेय, जिमी और सुधाकर चौधरी ने खुशी जाहिर करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785513 Articles

Share this story