उपराष्ट्रपति के देवघर दौरे को लेकर की डीसी ने की उच्चस्तरीय बैठक

WhatsApp Channel Join Now
उपराष्ट्रपति के देवघर दौरे को लेकर की डीसी ने की उच्चस्तरीय बैठक


देवघर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का 10 अक्टूबर 2026 को देवघर में होनेवाले दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसे लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में गुरूवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई।

समीक्षा बैठक में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात और कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने अधिकारियों, कार्यपालक अभियंताओं और पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। देवघर एयरपोर्ट पर आगवानी से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था, दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति, निर्बाध बिजली, पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई और रूट डायवर्जन की तैयारियों का जायजा लिया गया।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिनियुक्त सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करें, ताकि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों को परेशानी न हो।

उपराष्ट्रपति के सुरक्षित आवागमन और कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए देवघर अनुमंडल के निर्धारित मार्गों और क्षेत्रों को नो ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया गया है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सिविल सर्जन, एम्स एवं एयरपोर्ट के अधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अग्निशमन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story