देवघर में दूसरी सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, डीसी-एसपी ने संभाली कमान

WhatsApp Channel Join Now
देवघर में दूसरी सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, डीसी-एसपी ने संभाली कमान


देवघर, 10 अगस्त (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर बाबा नगरी में श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार की देर शाम से ही कांवरियों की संख्या बढ़ने लगी थी। रात होते-होते शहर के प्रमुख मार्गों, कांवरिया पथ, रूट लाइन और बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। अचानक बढ़े भीड़ के दबाव के बीच विधि-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई।

जिला उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस टीम ने मोर्चा संभाले रखा। दोनों अधिकारी रविवार की देर रात तक बाइक से शहर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते रहे। विभिन्न रूटों पर पहुंचकर उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दूसरी सोमवारी को भीड़ का दबाव देखते हुए रूट लाइन में श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रखने और उन्हें व्यवस्थित तरीके से मंदिर की ओर भेजने पर विशेष ध्यान दिया गया। डीसी और एसपी लगातार रूट लाइन और मंदिर क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए रहे।

अत्यधिक भीड़ के कारण कई स्थानों पर श्रद्धालुओं में बेचैनी की स्थिति भी बनी। हालांकि, मौके पर तैनात प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने समझदारी से स्थिति को नियंत्रित किया और श्रद्धालुओं को समझाकर व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

बाबा मंदिर की व्यवस्था के साथ-साथ शहर और मेला क्षेत्र में यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी प्रशासन सतर्क रहा। डीसी-एसपी स्वयं विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते रहे।

दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस टीम के समन्वित प्रयास से भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कराने की व्यवस्था जारी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story