पानी की समस्या को लेकर उपमहापौर ने की वार्ड पार्षदों के साथ बैठक

WhatsApp Channel Join Now
पानी की समस्या को लेकर उपमहापौर ने की वार्ड पार्षदों के साथ बैठक


देवघर, 30 अप्रैल (हि.स.)। निगम क्षेत्र में बढ़ती पानी की समस्या को लेकर गुरुवार को वार्ड पार्षदों ने उपमहापौर टिप चटर्जी के साथ अहम बैठक की। बैठक में शहर में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और मौजूदा व्यवस्था पर नाराजगी जताई गई।

उपमहापौर टिप चटर्जी ने कहा कि निगम क्षेत्र के कई इलाकों में पानी की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है, खासकर कई क्षेत्र ड्राई जोन में तब्दील हो गए हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में उपायुक्त ने भी हस्तक्षेप किया है। नदी में पानी की कमी को देखते हुए डैम से पानी छोड़े जाने के लिए स्थानीय विधायक और मंत्री से आग्रह किया गया है।

साथ ही ट्रांसफार्मर बदलने के बावजूद उसमें तेल नहीं डाले जाने जैसी लापरवाही भी सामने आई है।

उन्होंने साफ कहा कि वर्तमान व्यवस्था बर्दाश्त के बाहर है। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब श्रावणी मेला और भादो के दौरान पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा सकता है, तो अभी क्यों नहीं। वहीं वार्ड पार्षद प्रतिनिधि कैलाश चौधरी ने व्यवस्था पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह पूरी तरह ढुलमुल नीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कभी नदी में पानी नहीं होने का हवाला दिया जाता है, तो कभी तकनीकी खराबी की बात कही जाती है। रामपुर नावाडीह से ड्राई जोन क्षेत्रों में होने वाली जलापूर्ति भी कई दिनों से बंद है। उन्होंने एजेंसी और विभागीय जूनियर इंजीनियर की कार्यशैली पर आरोप लगाया और कहा कि ऐसा लगता है कि पूरा सिस्टम ही गड़बड़ है। साथ ही उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद शहर की सरकार से लोगों को काफी उम्मीदें हैं, जिन्हें पूरा किया जाना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story