रांची में सात वार्डों में चला डेंगू सर्विलांस अभियान, कई घरों और बर्तनों में मिले लार्वा

WhatsApp Channel Join Now
रांची में सात वार्डों में चला डेंगू सर्विलांस अभियान, कई घरों और बर्तनों में मिले लार्वा


रांची में सात वार्डों में चला डेंगू सर्विलांस अभियान, कई घरों और बर्तनों में मिले लार्वा


रांची, 27 जुलाई (हि.स.)। डेंगू और अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को रांची शहरी क्षेत्र के सात वार्डों में व्यापक डेंगू सर्विलांस अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों की जानकारी जुटाई, संभावित डेंगू मरीजों की पहचान की तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों की जांच की। विभाग ने बताया कि डेंगू और मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रतिदिन शहर के सात अलग-अलग वार्डों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।

सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने नागरिकों से अपील की कि तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द या त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लें। उन्होंने सप्ताह में एक दिन ‘ड्राई डे’ मनाने, घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, पूरी बांह के कपड़े पहनने तथा मच्छरदानी और मच्छररोधी उपायों का नियमित उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही डेंगू मुक्त और स्वस्थ रांची का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

सिविल सर्जन ने बताया कि वार्ड संख्या 21, 22 और 23 में अभियान के दौरान 76 घरों तथा 680 पानी वाले बर्तनों की जांच की गई। इनमें 16 घरों और 25 बर्तनों में डेंगू के लार्वा पाए गए। वहीं वार्ड संख्या 5, 16, 27 और 28 में 90 घरों तथा 566 पानी वाले बर्तनों की जांच की गई, जिनमें 13 घरों और 13 बर्तनों में लार्वा मिला।

अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायरों और अन्य जलजमाव वाले स्थानों का विशेष रूप से निरीक्षण किया। विभाग ने लोगों से अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है, ताकि डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story