डेंगू-मलेरिया रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियान तेज
रांची, 17 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर में डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम के लिए व्यापक जागरूकता और स्रोत नष्ट (सोर्स रिडक्शन) अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को वार्ड संख्या 21, 22 और 23 में लगातार लार्वा खोज, जन-जागरूकता और लार्वीसाइडल गतिविधियां संचालित की गई।
सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने नागरिकों से घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने एवं बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही डेंगू और मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। इस दौरान संयुक्त टीम घर-घर जाकर लोगों को पानी जमा नहीं होने देने, पानी के बर्तनों की नियमित सफाई करने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक कर रही है।
अभियान के दौरान 445 घरों का निरीक्षण किया गया। इनमें 29 घरों में डेंगू के लार्वा पाए गए। वहीं 2,760 कंटेनरों की जांच में 61 कंटेनरों में लार्वा मिला। सभी प्रभावित स्थलों पर तत्काल लार्वा नष्ट करने की कार्रवाई की गई और लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।
मलेरिया की रोकथाम के लिए विद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हर रविवार, मच्छर पर वार अभियान के माध्यम से लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

