जैन साध्वियों की सड़क दुर्घटना की जांच की मांग के लिए निकलेगा मौन जुलूस

WhatsApp Channel Join Now

रामगढ़, 24 मई (हि.स.)। दो दिगम्बर साध्वियों की सड़क दुर्घटना में हुई समाधि मरण की घटना को लेकर उच्च स्तरीय जांच के लिए सोमवार को मौन जुलूस निकाला जाएगा।

मौन जुलूस शहर के मेन रोड स्थित दिगंबर जैन मंदिर से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगा। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जैन समाज के सचिव योगेश सेठी ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि साध्वियों के आकस्मिक समाधि मरण स्तब्धकारी घटना है और पूरे जैन समाज में इससे शोक की लहर व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि हमारी दोनों साध्वियां ज्ञान की सरिता थीं। वे अपने ज्ञान की अविरल धारा से समस्त समाज को आलोकित करती थीं। घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किसी षड्यंत्र की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। इस कारण हमारे पूज्य गुरुदेव श्री प्रमाण सागर जी के अहवान पर भारत सरकार और राज्य सरकारों पर दबाव बनाने के लिए जैन समाज आंदोलनरत है।

सेठी ने बताया कि जुलूस के बाद समाज के अध्यक्ष के नेतृत्व में एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा जाएगा। साथ ही उन्होंने जिले के अन्य समाजसेवी संस्था और बुद्धिजीवियों से इस मौन जुलूस में शामिल होने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story