नाबालिग यौन उत्पीडन मामले पर सरकार कराए निष्पक्ष जांच : झामुमो

WhatsApp Channel Join Now
नाबालिग यौन उत्पीडन मामले पर सरकार कराए निष्पक्ष जांच : झामुमो


रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग के कथित यौन शोषण मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।

उन्होंने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि मामला बेहद गंभीर है। सरकार सुनिश्चित करे कि जांच में किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक पद, प्रभाव या पार्टी के आधार पर संरक्षण नहीं मिलनी चाहिए। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश की ओर से राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पांडेय ने कहा कि नाबालिग बच्ची को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जांच एजेंसियां तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचेंगी।

वहीं न्यूज चैनल के कार्यालय में पुलिस कार्रवाई पर उठे सवालों को लेकर उन्होंने कहा कि यदि प्रक्रिया में कोई अनियमितता हुई है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए। पुलिस को कानून के दायरे में रहकर काम करना चाहिए। मीडिया की स्वतंत्रता और कानून के पालन, दोनों का सम्मान जरूरी है।

पांडेय ने कहा कि यदि इस प्रकरण में कोई साजिश रची गई है या राजनीतिक लाभ के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है तो उसके पीछे शामिल चेहरों को भी बेनकाब किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित करने के बजाय निष्पक्ष जांच और कानूनसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। दोषी चाहे कोई भी हो, उसे सजा मिलनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778283 Articles

Share this story