जेबीवीएनएल में मानव दिवस कर्मियों को बहाली में प्राथमिकता देने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जेबीवीएनएल में मानव दिवस कर्मियों को बहाली में प्राथमिकता देने की मांग


रांची, 25 जून (हि.स.)।

झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में गुरूवार को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक से मुलाकात की।

साथ ही मानव दिवस कर्मियों और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने आगामी नियुक्तियों में मानव दिवस कर्मियों को प्राथमिकता देने और आयु सीमा में छूट बढ़ाने की मांग की।

इस अवसर पर संघ के अध्यकक्ष अजय राय ने कहा कि वर्ष 2016 और 2018 की नियुक्तियों की तर्ज पर नई बहाली में भी मानव दिवस कर्मियों को अवसर देते हुए वर्तमान पांच वर्ष की आयु छूट को बढ़ाकर 10 वर्ष किया जाए। संघ का कहना है कि निगम में तकनीकी कर्मचारियों के हजारों स्वीकृत पद वर्षों से रिक्त हैं, जिससे बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

संघ ने वर्ष 2014 में तैयार मानव दिवस कर्मियों की सूची को सेवा अवधि निर्धारण का आधार बनाने और बाद के कर्मियों को भी कार्यकाल के आधार पर अनुभव का लाभ देने की मांग की। साथ ही लंबे समय से कार्यरत तकनीकी एवं गैर-तकनीकी कर्मियों के नियमितीकरण, समान काम के लिए समान वेतन और माली, चालक, खलासी और पेट्रोलिंगमैन जैसे पदों पर बहाली की मांग उठाई गई।

इस दौरान सीएमडी श्रीनिवासन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में संघ के कई पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story