जेयूवीएनएल में नियुक्ति-पदोन्नति प्रक्रिया पर अनियमितता का आरोप, स्वतंत्र जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जेयूवीएनएल में नियुक्ति-पदोन्नति प्रक्रिया पर अनियमितता का आरोप, स्वतंत्र जांच की मांग


रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (जेयूवीएनएल) और इसकी अनुशंगी कंपनियों में आंतरिक नियुक्ति एवं पदोन्नति प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने स्वतंत्र जांच की मांग की है। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने इस संबंध में निगम के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) को ज्ञापन सौंपकर चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और वर्षों से लंबित पदोन्नति के मामलों पर सवाल उठाए हैं।

अजय राय ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पात्र कर्मचारियों को वर्षों से पदोन्नति का अवसर नहीं मिल रहा है। विशेष रूप से मैनेजर (एफएंडए) पद पर पदोन्नति के लिए कार्यरत जूनियर मैनेजर (एफएंडए) कर्मचारियों को करीब 15 वर्षों से लेखा प्रवीण परीक्षा आयोजित नहीं होने के कारण अवसर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने लंबित मामलों का निराकरण कर परीक्षा तत्काल आयोजित करने की मांग की।

उन्होंने मैनेजर (एफएंडए), जूनियर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (जेईई) और असिस्टेंट इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (एईई) के चयन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। अजय राय ने कहा कि प्रोविजनल परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, डिग्री की मान्यता और नियमित तथा दूरस्थ शिक्षा माध्यम से प्राप्त डिग्रियों की पात्रता की जांच की जानी चाहिए।

संघ ने पूरी चयन प्रक्रिया की जांच स्वतंत्र थर्ड पार्टी एजेंसी से कराने तथा जांच पूरी होने तक नियुक्तियों को अंतिम रूप देने पर रोक लगाने की मांग की है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story