स्वास्थ्य कर्मियों के वेतन भुगतान की मांग
देवघर, 10 अगस्त (हि.स.)। झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की जिला शाखा ने स्वास्थ्य विभाग के सैकड़ों कर्मियों के लंबित वेतन, मानदेय सहित अन्य देय लाभों का अविलंब भुगतान करने की मांग की है।
संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि जिले के सैकड़ों नियमित, अनुबंध और आउटसोर्सिंग कर्मियों को फरवरी-मार्च से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। इसके कारण कर्मियों के परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 2211 परिवार कल्याण शीर्ष के तहत कार्यरत दर्जनों कर्मचारियों को मार्च माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जबकि इसके लिए आवंटन उपलब्ध होने की बात कही जा रही है। ऐसे में लंबित भुगतान जल्द से जल्द किया जाना चाहिए।
संघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत कर्मियों को भी पिछले चार-पांच माह से मानदेय नहीं मिला है। वेतन नहीं मिलने से कर्मियों के साथ उनके परिवारों के समक्ष भी गंभीर आर्थिक परेशानी उत्पन्न हो गई है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण कर्मियों में आक्रोश बढ़ रहा है। अधिकारियों की ओर से बार-बार भुगतान का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक वास्तविक भुगतान नहीं हो सका है। यदि जल्द ही लंबित वेतन एवं मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो कर्मचारियों का आक्रोश बड़ा रूप ले सकता है।
संघ ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सभी श्रेणी के कर्मियों के लंबित वेतन, मानदेय सहित अन्य देय लाभों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

