एचईसी में धूमधाम से मनी कार्तिक उरांव की जयंती
रांची, 30 अक्टूबर (हि.स.)। एचईसी स्थित नेहरू पार्क में झलक संगम परिवार की ओर से शुक्रवार को पूर्व सांसद सह आदिवासी समाजसेवी कार्तिक उरांव की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर जुटे लोगों ने कार्तिक उरांव की ओर से आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्य दायित्वों को याद किया गया।
इस अवसर पर इंटक के राष्ट्रीय संगठन सचिव लीलाधर सिंह ने कहा कि कार्तिक उरांव समाजसेवी और आदिवासी संस्कृति के प्रणेता थे। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य है कि उन्हें कार्तिक उरांव के साथ काम करने का अवसर मिला था। तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू उन्हें इंग्लैंड से भारत लाए थे और एचईसी की स्थापना के लिए डिप्टी चीफ इंजीनियर की जिम्मेदारी सौंपी थी। बाद में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उन्हें सांसद और मंत्री बनाया। लीलाधर सिंह ने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व की प्रतिमा एचईसी परिसर में स्थापित होना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदीप टोप्पो और विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर सतीश भगत ने भी संबोधित किया। राजेन्द्र कान्त महतो ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि एचईसी में कार्तिक उरांव की प्रतिमा स्थापित कराना झलक संगम का लक्ष्य है।
समारोह में सुनील कुमार साहू, एचईसी मजदूर कर्मी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

