जेएलकेएम ने की पुष्पा महतो हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जेएलकेएम ने की पुष्पा महतो हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग


बोकारो, 13 अप्रैल (हि.स.)। पिंडराजोड़ा निवासी पुष्पा महतो का नर कंकाल बरामद होने के बाद इस मामले में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। साेमवार काे प्रेस वार्ता आयोजित कर पार्टी

के अर्जुन रजवार, केंद्रीय महासचिव सह पूर्व चंदनकियारी विधानसभा प्रत्याशी ने कहा कि बोकारो के पुलिस कप्तान ने पिंडराजोड़ा थाना में पदस्थापित सभी 28 पुलिस कर्मियों को निलंबित किया है, हमलोग इसका स्वागत करते हैं लेकिन मुख्य रूप से थाना के प्रभारी और केस के जांच अधिकारी के खिलाफ विशेष कार्रवाई होनी चाहिए।

इस पूरे मामले को किन लोगों के संरक्षण में 09 महीने तक लटकाया और भटकाया गया, ऐसे सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में अपराधी को फांसी दिलाने के लिए आयोजित कैंडल मार्च को एक विशेष राजनीतिक दल ने जिस ढंग से प्रचारित किया गया उसकी हम निंदा करते हैं, मगर हर हाल मे इस मामले के अभियुक्त को फांसी होनी चाहिए ।

मामले में पुष्पा की मां शुरुआत से ही आरोपित की ओर से पुलिस का ध्यान आकृष्ट करा रही थी, लेकिन पुलिस की शिथिलता के कारण यह मामला लटका रहा। इसलिए पुलिस के कार्य शैली पर भी बड़ा सवाल है। ऐसे में एसपी से आग्रह है कि जिले के सभी थानों को संवेदनशील करते हुए पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना सुनिश्चित करें, ताकि पुलिस पर जनता का भरोसा कायम रहे।

प्रेस वार्ता में मो शमसुद्दीन अंसारी, प्रदेश महामंत्री, जयदेव कुमार महतो केंद्रीय प्रवक्ता और विजय कुमार सिंह केंद्रीय महासचिव उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story