अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा


देवघर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। सारठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरुवार को अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में विधायक प्रतिनिधि राहुल सिंह की उपस्थिति में क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, एंबुलेंस की समस्या दूर करने, स्वास्थ्य उपकेंद्रों के नियमित संचालन और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में अधिक से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। वहीं, अस्पताल में एंबुलेंस की कमी को देखते हुए प्रखंड परिसर में वर्षों से बेकार पड़े एंबुलेंस की मरम्मत कराकर आम लोगों की सेवा में लगाने पर सहमति बनी।

बताया गया कि मंझलाडीह पंचायत में 15वें वित्त आयोग की योजना से कई वर्ष पूर्व एंबुलेंस खरीदा गया था। लेकिन उचित देखरेख और संचालन के अभाव में यह लंबे समय से प्रखंड परिसर में बेकार पड़ा है। बीडीओ चंदन कुमार सिंह ने नियमानुसार आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर एंबुलेंस को अस्पताल के उपयोग में लाने की बात कही।

बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और वहां लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। संबंधित क्षेत्रों में तैनात एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को आवश्यक निर्देश देने की बात कही गई। इसके अलावा बिजली से वंचित 14 स्वास्थ्य उपकेंद्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल कराने के लिए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करने का निर्णय लिया गया।

वहीं, दुमदुमी, सिकटिया, लगवां और सुखजोर स्थित चार स्वास्थ्य उपकेंद्रों में एएनएम की कमी का मुद्दा उठाया गया। इन केंद्रों पर एएनएम की तैनाती के लिए वरीय अधिकारियों से मांग की जाएगी। साथ ही, जिले में प्रतिनियुक्ति पर गए एएनएम को वापस प्रखंड क्षेत्र में पदस्थापित कराने की दिशा में पहल करने पर सहमति बनी।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गुडाकेश ने बताया कि फिलहाल अस्पताल में आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं, जिन्हें जरूरतमंद मरीजों को दिया जा रहा है। बैठक में अस्पताल की आवश्यक सामग्रियों और उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा करते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कई बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

उन्होंने अस्पताल के सुचारू संचालन और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों से सहयोग की अपील की, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में डॉ. प्रज्ञा भगवती, डॉ. यशोधरा नायक, बीपीएम एसएस पंकज, लेखापाल रवि कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761643 Articles

Share this story