दिल्ली पुलिस ने रांची पुलिस के सहयोग से ठगी के आरोपित को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली पुलिस ने रांची पुलिस के सहयोग से ठगी के आरोपित को किया गिरफ्तार


रांची, 18 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने रांची पुलिस के सहयोग से एक ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार ठग का नाम संजू मिश्रा उर्फ टुनटुन है। संजू मिश्रा रांची के गांधी नगर का रहने वाला है। संजू अपना कारोबार करता है। वह अपने किसी काम से दलादली इलाके में आया था, जिसके बाद दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम ने रांची पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार किया।

संजू मिश्रा को शनिवार को दिल्ली पुलिस अपने साथ दिल्ली ले जाएगी। आरोपित संजू मिश्रा पर देश के विभिन्न हिस्सों में कई लोगों को अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपित को स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।

संजू मिश्रा उर्फ टुनटुन ने बेहद शातिराना तरीके से कई लोगों को अपना शिकार बनाया और उनसे करोड़ों रुपये ठग लिए। पुलिस अब उसके बैंक खातों, ठगी के तरीकों और इस नेटवर्क में शामिल अन्य सहयोगियों का पता लगाने में जुटी है।

इस मामले को लेकर रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि फिलहाल ठग को थाना में रखा गया है। उसके साथ दिल्ली के दो अधिकारी भी हैं। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे दिल्ली ले जाया जाएगा। वह किसी कारोबार के सिलसिले में दलादली में घूम रहा था। सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story