जनसमस्याओं को लेकर सीईओ से मिला प्रतिनिधिमंडल

WhatsApp Channel Join Now
जनसमस्याओं को लेकर सीईओ से मिला प्रतिनिधिमंडल


रामगढ़, 07 मई (हि.स.)। रामगढ़ के विद्यानगर वार्ड संख्या-5 की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार को स्थानीय निवासियों का प्रतिनिधिमंडल रामगढ़ कैंटोनमेंट बोर्ड के नवपदस्थापित मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह से मिला।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विद्यानगर क्षेत्र में लंबे समय से व्याप्त सड़क, जल निकासी, पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को विस्तारपूर्वक अधिकारियों के समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल के वरीय सदस्य ओपी शर्मा ने बताया कि मुख्य अधिशासी से विद्यानगर रोड नंबर-1 के समीप स्थित बड़े नाले की सफाई, तलछट हटाने और मरम्मत कराने की मांग उठाई गई।

इसके अलावा कॉलोनी की विभिन्न नालियों के गहरीकरण और मरम्मत, रोड नंबर-01 और 02 सहित कई गलियों के पहुंच पथ की मरम्मत एवं रोड नंबर-03 के निर्माण की आवश्यकता से भी मुख्य अधिशासी अधिकारी को अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि हनुमान मंदिर से प्राइम हॉस्पिटल तक मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग भी रखी गई।

मौके पर मुख्य अधिशासी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद जेई मो फहीम और स्वास्थ्य निरीक्षक नितिन ठाकुर को आवश्यक कार्रवाई एवं निरीक्षण के निर्देश दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल रामगढ़ बिजली कार्यालय पहुंचा, जहां कनीय अभियंता रोहित तिवारी से मुलाकात कर क्षेत्र की बिजली समस्याओं को लेकर मांगपत्र सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सड़क से रोड नंबर-3 होते हुए नव विकसित कॉलोनी तक बिजली के खंभे लगाने तथा बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग रखी। कनीय अभियंता रोहित तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विभागीय स्तर पर शीघ्र सर्वे कराया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मौके पर ओपी शर्मा, सरजू प्रसाद, संतोष प्रसाद, प्रवीण कुमार, मनोज कुशवाहा एवं उमेश यादव सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story