राज्यपाल से ‘पॉलिथीन मुक्त अभियान’ से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल से ‘पॉलिथीन मुक्त अभियान’ से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट


रांची, 16 जून (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को रामगढ़ निवासी उपेन्द्र पाण्डेय सहित प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने रांची स्थित लोकभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ‘पॉलिथीन मुक्त अभियान’ के तहत किए जा रहे जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि वे लोगों को प्लास्टिक पॉलिथीन के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित कर रहे हैं और इसके स्थान पर कपड़े एवं पर्यावरण-अनुकूल झोलों के उपयोग को बढ़ावा दे रहे हैं। इसके साथ ही ‘सेल्फी विद झोला’ अभियान के माध्यम से भी आम लोगों में जागरूकता फैलाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वे विभिन्न विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर जागरूक कर रहे हैं तथा दैनिक जीवन में कपड़े के झोले के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में इस अभियान के तहत लगभग 45 हजार झोलों का निर्माण एवं वितरण किया जा चुका है, जिससे पॉलिथीन के उपयोग में कमी लाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में मदद मिली है।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी हैं और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story