नाबालिगों से जुड़े मामलों में भी देरी और लापरवाही चिंताजनक : रमा

WhatsApp Channel Join Now
नाबालिगों से जुड़े मामलों में भी देरी और लापरवाही चिंताजनक : रमा


रांची, 30 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष रमा खलखो ने देश भर में नाबलिगों के साथ दुष्कर्म और हत्या जैसे मामलों की जांच में देरी और लापरवाही पर चिंता प्रकट की है। उन्होंने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में ऐसे मामलों में भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गोवा से लेकर उत्तराखंड, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में सामने आए मामलों से एक पैटर्न दिखता है, जिसमें सत्ता के दबाव में भाजपा नेताओं पर कार्रवाई नहीं होती।

सुब्रमण्यम स्वामी के आरोपों पर नहीं हुई कार्रवाई

भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी की ओर से अपनी ही पार्टी के नेतृत्व पर लगाए गए गंभीर आरोपों और किए गए खुलासों का हवाला देते हुए रमा खलखो ने कहा कि सार्वजनिक रूप से महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बातें सामने आई हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि स्वामी के आरोप अत्यंत गंभीर हैं। इसके बावजूद न तो उनकी जांच हो रही है और न ही कोई जवाबदेही तय की जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ऐसे मामलों पर सरकार चुप क्यों है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के उन्नाव कांड के दोषी कुलदीप सेंगर का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा हमेशा अपने दागी नेताओं के साथ खड़ी नजर आती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story