टैंकर, मिनी ट्रक और ऑटो में टक्कर, एक की माैत

WhatsApp Channel Join Now
टैंकर, मिनी ट्रक और ऑटो में टक्कर, एक की माैत


टैंकर, मिनी ट्रक और ऑटो में टक्कर, एक की माैत


बोकारो, 22 अप्रैल (हि.स.)। पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन पर बुधवार को सड़क दुर्घटना में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रजरप्पा मोड़ के समीप हुआ, जहां एक तेज रफ्तार तेल टैंकर, मिनी ट्रक और ऑटो के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी और कोहराम मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेल टैंकर काफी तेज गति में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। सामने से आ रहे मिनी ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। इसी दौरान पास से गुजर रहा एक ऑटो भी इस टक्कर की चपेट में आ गया। जोरदार टक्कर के कारण तीनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने कुछ समय के लिए सड़क पर हंगामा भी किया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों को समझाकर शांत कराया और सड़क पर यातायात को फिर से सामान्य कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story