राजधानी के पेट्रोल पंपों पर लूट से डीलरों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
राजधानी के पेट्रोल पंपों पर लूट से डीलरों में आक्रोश


रांची, 25 मार्च (हि.स.)। शहर में पेट्रोल पंपों पर लगातार हो रही लूट की घटनाओं के विरोध में पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन, साउथ छोटानागपुर की आपात बैठक बुधवार को बीआईटी ओरमांझी स्थित शुभम शिल्पी में हुई।

बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष राजहंस मिश्रा ने की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 24 मार्च की रात हुई सिलसिलेवार लूट की घटनाओं से एसोसिएशन आक्रोशित है। एसोसिएशन ने घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दो दिन पहले पुंदाग स्थित एक पंप से भी 59 हजार रूपये की लूट हुई थी। लगातार घटनाओं से पंप संचालकों और कर्मियों में भय का माहौल है। डीलरों ने चेतावनी दी कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होने पर रात्रि सेवा बंद करने जैसे कड़े निर्णय लिए जा सकते हैं।

जानकारी के अनुसार बीते बुधवार रात 12.07 बजे से 2.30 बजे के बीच 5-6 हथियारबंद अपराधियों ने रिंग रोड स्थित ड्रीम पॉइंट पेट्रोल पंप से 2.17 लाख रूपए, ओरमांझी के आईओसीएल पंप से 5000 रूपये नकद और खटंगा बस्ती स्थित गेल सीएनजी स्टेशन से 16 हजार रूपए की लूट की गई।

वहीं बीपीसीएल के पास एक गुमटी में लूटपाट के दौरान संचालक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

बैठक में नीरज भट्टाचार्य, विनोद रंजन, कमलेश सिंह, मानस सिन्हा, सुदीप तिग्गा प्रमोद कुमार राहुल, निपुण, प्रशांत, पुनीत, नरेंद्र, अविनाश, अनिल सिंह, पंकज, इरफान खान सहित एसोसिएशन के अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story