सारठ प्रखंड का पुराना भवन बनेगा आधुनिक लाइब्रेरी

WhatsApp Channel Join Now
सारठ प्रखंड का पुराना भवन बनेगा आधुनिक लाइब्रेरी


देवघर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। सारठ प्रखंड परिसर स्थित पुराने भवन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जाएगा। भविष्य में इसे लर्निंग हब के रूप में विकसित करने की भी योजना है। रविवार को देवघर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) पीयूष सिन्हा ने प्रखंड परिसर पहुंचकर भवन में चल रहे मरम्मती कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संवेदक को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने कहा कि भवन में पूरी सुविधाओं से युक्त लाइब्रेरी विकसित की जाएगी। यहां विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार की अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही मल्टीपल लर्निंग मटेरियल की व्यवस्था की जाएगी, ताकि युवाओं को पढ़ाई और ज्ञानवर्धन के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।

उन्होंने कहा कि भविष्य में इस भवन को लर्निंग हब के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर अध्ययन से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। डीडीसी ने भवन में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लेते हुए एलईडी स्क्रीन, आवश्यक फर्नीचर, पर्याप्त रोशनी और पंखों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। साथ ही भवन के मुख्य द्वार को दुरुस्त करने तथा परिसर के सामने साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन को विद्यार्थियों के उपयोग के लिए तैयार करते समय सभी आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जाए, ताकि अध्ययन के लिए आने वाले युवाओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

प्रखंड परिसर में आधुनिक लाइब्रेरी और लर्निंग हब विकसित होने से सारठ क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अध्ययन और ज्ञानवर्धन के लिए बेहतर वातावरण तथा शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766790 Articles

Share this story