अंचलों में दलाल-बिचौलियों पर प्रतिबंध लगाएं, नहीं तो होगी कार्रवाई : डीसी

WhatsApp Channel Join Now
अंचलों में दलाल-बिचौलियों पर प्रतिबंध लगाएं, नहीं तो होगी कार्रवाई : डीसी


रांची, 28 अक्टूबर (हि.स.)। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अंचलों में दलालों और बिचौलियों की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने और राजस्व कर्मियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने और शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त बुधवार को समाहरणालय स्थित ब्लॉक-ए सभागार में जिले के सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक कर कई निर्देश दे रहे थे। उन्होंने राजस्व कार्यों की समीक्षा की साथ ही 30 दिनों और 90 दिनों से अधिक समय से लंबित दाखिल-खारिज मामलों का अंचलवार जायजा लेते हुए इनके समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया। डीसी ने उत्तराधिकार दाखिल-खारिज, भूमि नापी और प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक देरी नहीं करने की बात कही।

बैठक में आदिवासी भूमि के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए उपायुक्त ने अवैध हस्तांतरण और जमीन पर कब्जे के मामलों में कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा।

नामकुम, अनगड़ा और ओरमांझी अंचलों में पर्यटन विकास की संभावनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने और आवंटन प्रक्रिया समय पर पूरी करने पर भी जोर दिया।

बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले हल्का कर्मचारी-8 विजय उरांव को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि राजस्व प्रशासन को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाना सभी अधिकारियों और कर्मियों की जिम्मेदारी है।

बैठक में अपर समाहर्ता रांची रामनारायण सिंह, ट्रेनी आईएएस ऑफिसर आस्था शरण, उपसमाहर्ता भूमि सुधार रांची मुकेश कुमार, भू-अर्जन पदाधिकारी रांची केके राजहंस सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768576 Articles

Share this story