राजस्व मामलों में लापरवाही पर लगेगा जुर्माना : उपायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
राजस्व मामलों में लापरवाही पर लगेगा जुर्माना : उपायुक्त


रांची, 31 जुलाई (हि.स.)।

राजस्व मामलों के त्वरित और पारदर्शी निष्पादन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है। समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित राजस्व समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि राजस्व मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले पदाधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा।

लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनहित सर्वोपरि है और राजस्व प्रशासन में लापरवाही करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने के लिए विवश करने वाले अधिकारियों के प्रति जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगा। उन्होंने अंचलवार लंबित म्यूटेशन मामलों की समीक्षा करते हुए अधिक लंबित मामलों वाले अंचलों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक लंबित मामले की व्यक्तिगत निगरानी की जाएगी और शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय होगी।

इस दौरान भूमि मापी कार्यों में तेजी लाने के लिए अमीनों की रिक्तियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को आवश्यकतानुसार प्रशिक्षित अमीनों की उपलब्धता और प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि भूमि मापी सहित अन्य राजस्व कार्य समय पर पूरे हो सकें।

बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, आईएएस प्रोबेशनर आस्था शरण, अपर समाहर्त्ता रामनारायण सिंह, अनुमण्डल पदाधिकारी बुण्डू मोहनलाल मरांडी, एलआरडीसी मुकेश कुमार, सभी अंचल अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story