उपायुक्त ने फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन में तेजी लाने का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
उपायुक्त ने फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन में तेजी लाने का दिया निर्देश


पलामू, 09 जुलाई (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत गुरुवार को पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए।

फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने जिले के कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंचकर कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सबसे पहले हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-121 पहुंचे, जहां इन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म का वितरण केवल 11 प्रतिशत पाया गया। उन्होंने संबंधित बीएलओ से कम प्रगति के कारण पूछे और घर-घर जाकर अभियान तेज करने का निर्देश दिया। अधिकारियों और कर्मियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उपायुक्त ने स्वयं कुछ गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कर यह संदेश दिया कि कार्य में तेजी और गुणवत्ता दोनों आवश्यक है।

इसके बाद उपायुक्त देवरी खुर्द पहुंचे, जहां मतदान केंद्र संख्या 136, 137 और 138 का निरीक्षण किया। मतदान केंद्र संख्या-136 पर शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण की सूचना मिलने पर उन्होंने रिकॉर्ड का गहन सत्यापन कराया और निर्देश दिया कि बीएलओ ऐप पर वही जानकारी दर्ज की जाए जो वास्तविक स्थिति से मेल खाती हो। उन्होंने पारदर्शिता और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान कई मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए उपायुक्त को कच्चे रास्तों और पगडंडियों से होकर गुजरना पड़ा। इस दौरान उन्होंने कहा कि भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचना और समय पर फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करना सभी संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी है।

इसके बाद उन्होंने छतरपुर प्रखंड कार्यालय, नवाबाजार प्रखंड सभागार और पड़वा प्रखंड में चल रहे डिजिटाइजेशन कैंप और एसआईआर-2026 कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुसार फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान समय पर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार

Share this story