डीसी ने चुंदरू धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
डीसी ने चुंदरू धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने का दिया निर्देश


चतरा, 09 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त रवि आनंद ने बुधवार को टंडवा प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध चुंदरू धाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता तथा धूल की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने चुंदरू धाम परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए हाईमास्ट लाइट के साथ पांच हैलोजन लाइट लगाने का निर्देश दिया ताकि शाम और रात के समय श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को परेशानी नहीं हो। वहीं क्षेत्र में संचालित विभिन्न परियोजनाओं से उत्पन्न धूल और डस्ट की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित परियोजनाओं को नियमित रूप से जल छिड़काव कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को धूल से परेशानी नहीं होनी चाहिए। पर्यावरण और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उपायुक्त ने चुंदरू धाम के समग्र विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर अंचल अधिकारी गौरव कुमार से आवश्यकताओं से संबंधित प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि प्राथमिकता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सके। उपायुक्त ने टंडवा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का भी निरीक्षण किया।

मौके पर जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, टंडवा बीडीओ देवलाल उरांव, सीओ गौरव कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी और कई कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story