डीसी के निर्देशों का असर, बालिका विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था में सुधार

WhatsApp Channel Join Now
डीसी के निर्देशों का असर, बालिका विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था में सुधार


चतरा, 21 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त रवि आनंद के निर्देशों के बाद सिमरिया प्रखंड स्थित अनुसूचित जनजाति आश्रम आवासीय बालिका विद्यालय जबड़ा में शिक्षा, सुरक्षा और खेल गतिविधियों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। विद्यालय का संचालन कर रही एसीएमई एजुकेशन सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड ने छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए कई सुधार के कदम उठाए हैं।

संस्था के अनुपालन प्रतिवेदन के अनुसार विद्यालय में एक अतिरिक्त महिला शिक्षिका की नियुक्ति की गई है। साथ ही लूडो, कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, फुटबॉल, रस्सीकूद सहित विभिन्न इनडोर एवं आउटडोर खेलों को नियमित किया गया है, जिससे छात्राओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हो रहा है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से कक्षा समाप्त होने के बाद छात्रावास में पुरुष कर्मियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। छात्रावास की निगरानी महिला कर्मियों को सौंपी गई है और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि 15 जून 2026 को उपायुक्त रवि आनंद ने जाबड़ा आश्रम विद्यालय और पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सिमरिया का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से बात कर शिक्षा, छात्रावास, भोजन, पेयजल और खेलकूद की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों पर विद्यालय में यह सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

जिला योजना पदाधिकारी सह जिला कल्याण पदाधिकारी शिशिर पंडित और विद्यालय की प्राचार्या रिया कुमारी ने बताया कि भविष्य में भी छात्राओं की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षा और समग्र विकास के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story