उपायुक्त ने किया प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण
गोड्डा, 09 मई (हि.स.)। जिले के नव पदस्थापित उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने शनिवार को पोड़ैयाहाट प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड और अंचल कार्यालय के विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों के संधारण, जनसुविधाओं और संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
उन्होंने राजस्व मामलों, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा सहित जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि आमजनों से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादित किए जाएं।
उपायुक्त ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और शिकायत निवारण प्रणाली को और सुदृढ़ करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अभिलेखों के अद्यतन संधारण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और कार्य संस्कृति में सुधार लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यालय संचालन व्यवस्था और जनहित से जुड़े कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए नियमित मॉनिटरिंग एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
इसके बाद उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोड़ैयाहाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर, ओपीडी, प्रसव कक्ष, वार्ड, औषधि वितरण केंद्र, पैथोलॉजी कक्ष, कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी), टीकाकरण कक्ष एवं आपातकालीन सेवा कक्ष का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने चिकित्सा पदाधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी की जांच करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू, अंचलाधिकारी अमित किस्कू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रमेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

