उपायुक्त ने मयूरहंड प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर कार्य संस्कृति सुधारने का दिया निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
उपायुक्त ने मयूरहंड प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर कार्य संस्कृति सुधारने का दिया निर्देश


चतरा, 27 जुलाई (हि.स.)।

उपायुक्त रवि आनंद ने सोमवार को मयूरहंड प्रखंड का दौरा किया। वे प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेखों के संधारण और आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को समय पर कार्यालय पहुंचने, पारदर्शिता के साथ कार्य करने एवं लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी, कैश बुक सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की और कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थित कार्य संस्कृति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया।

बाद में प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कल्याण विभाग की 'उन्नति की पहिया' योजना के तहत 97 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया। उपायुक्त ने कहा कि इस योजना से विद्यार्थियों की विद्यालय तक पहुंच आसान होगी और उनकी नियमित पढ़ाई को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, बीडीओ मनीष कुमार, बीपीओ अजय सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story