जिला योजना की लंबित योजनाएं जल्द पूरी करें : डीसी
चतरा, 23 जुलाई (हि.स.)।
उपायुक्त रवि आनंद ने जिला योजना अनाबद्ध निधि के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
गुरुवार को समाहरणालय स्थित गोपनीय शाखा कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 के अंतर्गत संचालित और प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की अपूर्ण योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को सभी योजनाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने और स्वीकृत योजनाओं पर तत्काल कार्य शुरू करने को कहा, ताकि जिले में विकास कार्यों में तेजी आए और आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, पेयजल एवं स्वच्छता, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, लघु सिंचाई, भवन निर्माण विभाग एवं जिला परिषद के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने सभी विभागों को योजनाओं की नियमित समीक्षा कर उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

