रामगढ़ में नई जिम्मेदारी संभालते ही डीसी-एसपी ने मां छिन्नमस्तिका के दरबार में टेका माथा
रामगढ़, 20 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ जिले में प्रशासनिक फेरबदल के बाद नवनियुक्त उपायुक्त (डीसी) ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुणावत ने सोमवार को अपनी जिम्मेदारी संभालने के तुरंत बाद प्रसिद्ध रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर के पुजारी छोटू पंडा ने विधिवत पूजा संपन्न कराई।
दोनों अधिकारियों ने जिले की कमान संभालने के बाद सबसे पहले मां छिन्नमस्तिका का आशीर्वाद लिया। पूजा के पश्चात उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि उन्होंने मां से रामगढ़ जिले की समृद्धि, शांति और विकास की कामना की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मां का आशीर्वाद जिलेवासियों पर बना रहेगा और उनका भविष्य उज्ज्वल होगा।
उपायुक्त ने इस अवसर पर रजरप्पा क्षेत्र का दौरा भी किया और इसे एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की बात कही। उन्होंने न्यास समिति और स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणावत ने भी मंदिर में पूजा कर जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मां से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि आम जनता का पुलिस पर विश्वास बनाए रखना बेहद आवश्यक है और इसके लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
पुलिस अधीक्षक ने रजरप्पा शक्ति पीठ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह स्थान न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य से भी भरपूर है। यहां की मनमोहक प्राकृतिक छटा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति प्रदान करती है।
उल्लेखनीय है कि रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर न सिर्फ प्रदेश,बल्कि पूरे देश में एक प्रमुख शक्ति पीठ के रूप में प्रसिद्ध है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

