चतरा मंडल कारा का प्रधान जिला न्यायाधीश, डीसी और एसपी ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
चतरा मंडल कारा का प्रधान जिला न्यायाधीश, डीसी और एसपी ने किया निरीक्षण


चतरा, 27 नवंबर (हि.स.)।

चतरा मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शंभू लाल शॉ, उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने संयुक्त रूप से मंडल कारा का निरीक्षण किया। इस दौरान कारा की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के आवासन और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने कारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश और निकास व्यवस्था, प्रहरी की तैनाती और सुरक्षा निगरानी का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नियमित पेट्रोलिंग, आगंतुकों की समुचित जांच और आवश्यक रजिस्टरों के नियमित संधारण का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों ने बंदियों के वार्डों में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, वेंटिलेशन, स्वच्छ पेयजल और गुणवत्तापूर्ण भोजन की उपलब्धता की भी जांच की। वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत नियमित चिकित्सकीय जांच, जरूरी दवाओं की उपलब्धता और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान कारा की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। किसी प्रकार की अनियमितता या आपत्तिजनक स्थिति सामने नहीं आई। अधिकारियों ने कारा प्रशासन को वर्तमान व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया, ताकि कारा का संचालन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और मानवीय दृष्टिकोण के अनुरूप हो सके।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र कुमार सिन्हा, कारा अधीक्षक मेनसन बरवा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन सहित कारा के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story