मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर डीसी-एसपी ने लुकैयाटांड का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर डीसी-एसपी ने लुकैयाटांड का किया निरीक्षण


मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर डीसी-एसपी ने लुकैयाटांड का किया निरीक्षण


मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर डीसी-एसपी ने लुकैयाटांड का किया निरीक्षण


रामगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 27 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने संयुक्त रूप से गोला प्रखंड के बरलंगा पंचायत अंतर्गत लुकैयाटांड स्थित कार्यक्रम स्थल का पुनः निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं एसपी ने कार्यक्रम स्थल पर चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थल, आगंतुकों के आवागमन तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी जानकारी ली।

उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम समय पर पूरा करने को कहा।

प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है। निरीक्षण के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783254 Articles

Share this story