बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलीहातू में पेयजल समस्या दूर करें: नायक

WhatsApp Channel Join Now
बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलीहातू में पेयजल समस्या दूर करें: नायक


रांची, 29 मई (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलीहातू गांव में गहराए पेयजल संकट को लेकर झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने खूंटी उपायुक्त से वार्ता कर तत्काल समाधान की मांग की है।

उन्होंने शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि पिछले लगभग 21 दिनों से गांव के 120 से अधिक परिवार गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं और भीषण गर्मी के कारण स्थिति लगातार भयावह होती जा रही है। इसपर उपायुक्त ने तत्काल समस्या पर संज्ञान लेकर इस दिशा में पहल करने की बात कही है।

विजय शंकर नायक ने बताया कि गांव के अधिकांश कुएं सूख चुके हैं, जबकि पाइपलाइन के माध्यम से होने वाली जलापूर्ति पूरी तरह बंद है। पंप हाउस के समीप ट्रांसफॉर्मर पर पेड़ गिरने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। ट्रांसफॉर्मर बदले जाने के बावजूद लो-वोल्टेज की समस्या के कारण जलापूर्ति अब तक सुचारु नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मलुकम डाड़ी और गोलपा मुंडा का चुंआं ही ग्रामीणों के लिए पानी का एकमात्र सहारा बना हुआ है, जहां महिलाओं को घंटों लाइन में लगकर पानी भरना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि गांव में स्थापित सोलर आधारित जलमीनार और पानी टंकियां वर्षों से खराब पड़ी हैं और एकमात्र ट्यूबवेल से खारा पानी निकल रहा है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री और विभागीय सचिव को भी पत्र लिखकर स्थायी समाधान, टैंकर से जलापूर्ति, पाइपलाइन बहाली और खराब जलमीनारों की मरम्मत की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story