मतदाता सूची के एसआईआर को लेकर लोग करें बीएलओ से संपर्क : डीसी

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची के एसआईआर को लेकर लोग करें बीएलओ से संपर्क : डीसी


रांची, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिला प्रशासन की ओर से मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर बुधवार को समाहरणालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर 66-मांडर विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी ने बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि एसआईआर को लेकर आमजन अपने बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क करें, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। मतदाता सूची को शुद्ध रखने में सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क करें, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और मतदाता सूची को शुद्ध रखने में सहयोग करें। प्रशासन के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है। एसआईआर अभियान को सुचारू, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पूरा करना था।

बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर सत्यापन की रणनीति पर चर्चा की गई। नए योग्य मतदाताओं का नाम जोड़ने, गलत, डुप्लीकेट, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। इसके अलावा फोटो गुणवत्ता सुधार, डेटा एंट्री, रिपोर्टिंग और ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।

मौके पर मोनी कुमारी ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी अधिकारी पूर्ण समर्पण के साथ काम करें और मतदाता सूची को त्रुटिरहित, स्वच्छ और अद्यतन बनाएं। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story