अफीम खेती रोकने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि चलाएं अभियान : डीसी

WhatsApp Channel Join Now
अफीम खेती रोकने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि चलाएं अभियान : डीसी


रांची, 14 मई (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि अफीम की खेती की रोकथाम के लिए जिले के सभी पंचायतों के मुखिया, प्रधान और समाजसेवियों के साथ मिलकर व्यापक अभियान चलाएं, ताकि अवैध खेती करने वालों पर ठोस कार्रवाई की जा सके।

मंजूनाथ भजन्त्री गुरुवार को समाहरणालय में आयोजित डिस्ट्रिक एनकोर्ड कमेटी की बैठक में बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने दो टूक कहा कि नशीले पदार्थों के खिलाफ समन्वित रणनीति तैयार करने और सख्ती से लागू करने पर चर्चा की गई।

बैठक में जिले के ड्रग हॉटस्पॉटन की पहचान कर निगरानी बढ़ाने, एनडीपीएस एक्ट के लंबित मामलों में तेजी लाने और स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। युवाओं को नशे की लत से बचाने और उन्हें डी-एडिक्शन सेंटर से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

उपायुक्त ने जिले में गैर कानूनी रूप से संचालित नशा मुक्ति केंद्रों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही मेडिकल दुकानों और फार्मेसी में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाने को कहा गया। सीमावर्ती क्षेत्रों में चेक पोस्ट मजबूत करने और अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी रोकने के लिए समन्वय बढ़ाने पर भी बल दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि रांची युवा बहुल जिला है और आने वाली पीढ़ी को नशे के खतरे से बचाना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि ड्रग्स, गांजा या अफीम से जुड़ी सूचना टोल फ्री नंबर 1933 पर दें। बैठक में कई पदाधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story