उपायुक्त ने की कनेक्टिंग फ्लाईओवर निर्माण कार्य की समीक्षा, यातायात प्रबंधन पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
उपायुक्त ने की कनेक्टिंग फ्लाईओवर निर्माण कार्य की समीक्षा, यातायात प्रबंधन पर जोर


रांची, 01 जून (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सोमवार को समाहरणालय में शहर में निर्माणाधीन कनेक्टिंग फ्लाईओवर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने और कार्य अवधि में आम लोगों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन को सुव्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, वाहन संचालन और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

उपायुक्त ने कहा कि फ्लाईओवर निर्माण शहर के यातायात को सुगम बनाने की महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण गतिविधियों के कारण नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में निर्माण स्थल पर पर्याप्त साइनेज, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा उपायों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके और यातायात का संचालन सुचारू बना रहे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) रांची, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story