राजस्व, नीलाम पत्र वाद और आपदा प्रबंधन की डीसी ने की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
राजस्व, नीलाम पत्र वाद और आपदा प्रबंधन की डीसी ने की समीक्षा


रामगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में सोमवार को जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में राजस्व संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान बैठक में राजस्व संग्रहण, दाखिल-खारिज, नीलाम पत्र वाद, परिशोधन पोर्टल सहित अन्य राजस्व मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।

राजस्व संग्रहण की समीक्षा के दौरान डीसी ने आंतरिक संसाधन, उत्पाद, खनन, परिवहन, विद्युत सहित विभिन्न विभागों से प्राप्त राजस्व लक्ष्य और उसके विरुद्ध हुई उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए अगले एक माह तक विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी करते हुए राजस्व वसूली में तेजी लाने को कहा।

नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के दौरान डीसी ने जिला एवं अनुमंडल स्तरीय अधिकारियों तथा सभी अंचल अधिकारियों को बैंक प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

बैठक में आपदा प्रबंधन से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। डीसी ने संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए सतर्कता बरतने, राहत एवं बचाव कार्यों की पूर्व तैयारी रखने और आपदा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। आमजनों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा।

दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा करते हुए डीसी ने सेवा का अधिकार अधिनियम का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने और सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अंचलों में न्यायालय से संबंधित मामलों की कॉज लिस्ट नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

परिशोधन पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही भूमि संबंधी सेवाओं एवं दस्तावेज सुधार से जुड़े आवेदनों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story