डीसी ने लापरवाह अधिकारी-कर्मियों पर शोकॉज करने का दिया आदेश

WhatsApp Channel Join Now
डीसी ने लापरवाह अधिकारी-कर्मियों पर शोकॉज करने का दिया आदेश


रांची, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में सोमवार को रांची में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने लापरवाह बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश देते हुए शोकॉज करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दरअसल, नगड़ी अंचल से जुड़े एक मामले में एक ही प्लॉट पर दाखिल-खारिज स्वीकृत और अस्वीकृत किए जाने की शिकायत पर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को फटकार लगाई। साथ ही संबंधित कर्मचारी को 48 घंटे के भीतर शोकॉज जारी कर आरोप पत्र गठित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देश का पालन नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। एक अन्य मामले में म्यूटेशन आवेदन लंबित रहने पर अंचल अधिकारी,सीआई और कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। शिक्षा से जुड़े मामले में एक छात्र को रिपोर्ट कार्ड के बजाय टीसी देने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ जांच कर वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। वहीं पेंशन, मंईयां सम्मान योजना, अनुकंपा नियुक्ति, भूमि विवाद और प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों में भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है और हर शिकायत का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आमजनाें सहित अन्य लाेग माैजूद थे

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story