खतियानी जमीन बेचने से पत्नी के रोकने पर अनुसेवक करता था पिटाई, डीसी ने रोका वेतन

WhatsApp Channel Join Now
खतियानी जमीन बेचने से पत्नी के रोकने पर अनुसेवक करता था पिटाई, डीसी ने रोका वेतन


रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। रांची समाहरणालय में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आमजनों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।

इस अवसर पर जनता दरबार में सिल्ली अंचल में पदस्थापित अनुसेवक मंगरा भोक्ता के खिलाफ उनकी पहली पत्नी ने मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत की। महिला का आरोप था कि खतियानी जमीन बेचने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की जाती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अनुसेवक से स्पष्टीकरण मांगने और उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया।

मौके पर जमीन, दाखिल-खारिज, पंजी-2 सुधार, राशन कार्ड, पेंशन, प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से संबंधित शिकायतें सामने आईं। इसपर उपायुक्त ने कहा कि प्रखंड, अंचल, पंचायत और थाना स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होना चाहिए।

शिकायतों को अनावश्यक लंबित रखने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। वहीं, खलारी निवासी शंकर प्रसाद गुप्ता ने 22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए राशन कार्ड बनवाने की गुहार लगाई। गंभीर बीमारी से जूझ रहे बाली मिश्रा ने भी आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के लिए राशन कार्ड का आवेदन दिया।

उपायुक्त ने संबंधित आपूर्ति अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके अलावा आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को नीति का लाभ नहीं मिलने, होमगार्ड नियुक्ति, जमीन ठगी, म्यूटेशन और पेंशन से जुड़े मामलों पर भी संज्ञान लिया गया।

इस अवसर ग्रामीण सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782174 Articles

Share this story