महापर्व छठ पर घाटों की सुविधाओं का डीसी ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
महापर्व छठ पर घाटों की सुविधाओं का डीसी ने किया निरीक्षण


दुमका, 11 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था, पवित्रता एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। इसी दौरान डीसी अभिजीत सिन्हा और एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने शहर के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान खूंटाबांध, पोखरा चौक, बड़ा बांध, दुधानी एवं पुसारो पुल स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा जाए। उन्होंने घाटों की समुचित साफ-सफाई, पहुंच पथों की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों को पूजा-अर्चना एवं अर्घ्य अर्पित करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।

डीसी ने कहा कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक आस्था, अनुशासन, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ घाटों पर पहुंचते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

डीसी ने कहा कि छठ घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहेंगे। असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाएगी। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी एवं मॉनिटरिंग की व्यवस्था रहेगी। छठ पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो।

इस अवसर पर एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि छठ महापर्व को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के सभी पहलुओं पर गंभीरता से तैयारी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान लोगों को कम से कम यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़े, इसके लिए विशेष ट्रैफिक प्रबंधन किया जाएगा। छठ घाटों की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पर्यावरण पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अतिरिक्त घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर डीडीसी अनिकेत सचान, एसडीओ कौशल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

---

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775558 Articles

Share this story