होमगार्ड बहाली को लेकर उपायुक्त ने की उच्चस्तरीय बैठक

WhatsApp Channel Join Now
होमगार्ड बहाली को लेकर उपायुक्त ने की उच्चस्तरीय बैठक


देवघर, 18 मई (हि.स.)। होमगार्ड के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अब तक की गई तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

बैठक में जानकारी दी गई कि जून माह के प्रथम सप्ताह में होमगार्ड भर्ती से संबंधित विज्ञापन जारी किया जाएगा, जबकि जून के तीसरे सप्ताह से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उपायुक्त ने सभी प्रक्रियाओं को समय पर और पारदर्शी तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने आवेदन प्रक्रिया, स्क्रूटनी और भौतिक सत्यापन के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित करने पर जोर दिया, ताकि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

साथ ही शारीरिक दक्षता परीक्षा में आरएफआईडी तकनीक के उपयोग का निर्देश देते हुए कहा कि इससे अभ्यर्थियों के प्रदर्शन का सटीक डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा और प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उपायुक्त ने शारीरिक और लिखित परीक्षा के आयोजन के लिए भी सभी तैयारियों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, हेडक्वार्टर डीएसपी, होमगार्ड कमांडेंट, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story