डीसी ने जनता दरबार में सुनी समस्याएं, त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
रामगढ़, 19 मई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज ने मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान डीसी ने जिले के विभिन्न प्रखंड, पंचायत और सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सुना। उन्होंने न केवल ग्रामीणों के आवेदनों को प्राप्त किया, बल्कि उनकी समस्याओं को विस्तार से सुनकर मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। कुल 37 फरियादी अपनी-अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर डीसी के समक्ष उपस्थित हुए। सभी आवेदकों की गंभीर समस्याओं को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया।
जनता दरबार में पहुंचे ग्रामीणों ने सामाजिक सुरक्षा और पेंशन की समस्या बताई। वृद्ध, विधवा और दिव्यांग फरियादियों ने सर्वजन पेंशन योजना का लाभ मिलने में हो रही देरी, तकनीकी कारणों से रुकी हुई पेंशन को बहाल करने और नए आवेदनों की स्वीकृति से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। प्रधानमंत्री आवास, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद और दखल दिहानी का मुद्दा उठाया गया। जनता दरबार में भूमि सीमांकन, रैयती भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत, जमीन के म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) में हो रहे विलंब और न्यायालय के आदेश के बावजूद दखल दिहानी (भूमि पर भौतिक अधिकार) दिलाने से जुड़े कई गंभीर मामले सामने आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

