जनता दरबार में उपायुक्त ने कई समस्याओं का किया ऑन स्पॉट समाधान

WhatsApp Channel Join Now
जनता दरबार में उपायुक्त ने कई समस्याओं का किया ऑन स्पॉट समाधान


जनता दरबार में उपायुक्त ने कई समस्याओं का किया ऑन स्पॉट समाधान


देवघर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिलेवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शिकायतों के निष्पादन को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन, आवास, राशन कार्ड एवं राजस्व से संबंधित समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।

उपायुक्त ने जनता दरबार में मौजूद लोगों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त सभी शिकायतों की जांच कराते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन एवं राजस्व से जुड़े कई मामलों का संबंधित विभागों की ओर से ऑन द स्पॉट निष्पादन भी किया गया।

जनता दरबार में असगर शेख नामक दिव्यांग व्यक्ति की समस्या पर उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को ऑन द स्पॉट ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही असगर शेख को अविलंब राशन कार्ड योजना से जोड़ने का निर्देश देते हुए कहा कि उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलना चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भू-अर्जन से जुड़े मामलों और रैयतों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए उपायुक्त ने अधिकारियों को एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। शिविर में भू-अर्जन से संबंधित मुआवजा भुगतान, अभिलेखों में त्रुटि सुधार सहित अन्य लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन किया जाएगा।

यह विशेष शिविर जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी अंचलों में भी आयोजित किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के रैयतों और जमीन मालिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही मामलों का निष्पादन हो सकेगा।

उपायुक्त ने अपर समाहर्ता, सभी अंचलाधिकारियों और भू-अर्जन पदाधिकारी को आपसी समन्वय के साथ शिविर के सफल संचालन की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में देवीपुर प्रखंड के झुंडी पंचायत अंतर्गत नपोडीह और भलपहरी गांव के राशन कार्डधारियों की शिकायत पर भी उपायुक्त ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत के बाद संबंधित जनवितरण प्रणाली दुकानदार को निलंबित कर दिया गया है। सभी कार्डधारियों को नए डीलर की दुकान से टैग कर दिया गया है, जहां से उन्हें समय पर राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

जनता दरबार के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसमस्याओं के निवारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि शिकायतों के निष्पादन की नियमित निगरानी की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story