समाहरणालय के कार्यालयों का डीसी ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
समाहरणालय के कार्यालयों का डीसी ने किया निरीक्षण


रामगढ़, 20 अप्रैल (हि.स.)। समाहरणालय के कार्यालयों का डीसी ऋतुराज ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, उपस्थिति, अभिलेख संधारण, साफ-सफाई और आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।

इस क्रम में उन्होंने गोपनीय कार्यालय, नजारत, एनआईसी, विधि शाखा, स्थापना शाखा, सामान्य शाखा, कोषागार कार्यालय, जन शिकायत कोषांग, अपर समाहर्ता कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया।

इस दौरान डीसी ने सभी कार्यालयों में पदाधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति का अवलोकन करते हुए समयपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को मामलों का शीघ्र निष्पादन करने और अनावश्यक विलंब से बचने का निर्देश दिया।

डीसी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी कार्यालयों में फाइलों का उचित रख-रखाव एवं अद्यतन अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जानकारी आमजन या वरीय अधिकारियों को समय पर उपलब्ध कराई जा सके।

जन शिकायत कोषांग के निरीक्षण के दौरान डीसी ने प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की और निर्देश दिया कि आमजनों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

साथ ही डीसी ने कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने, अनावश्यक भीड़-भाड़ से बचाव और सुगम कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आमजनों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने को कहा।

मौके पर प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता एवं नजारत उप समाहर्ता संजीत कुमार, संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story