जगन्नाथपुर रथ यात्रा को लेकर डीसी ने किया निरीक्षण, रथ मार्ग से हटेगा अतिक्रमण, सीसीटीवी से होगी निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
जगन्नाथपुर रथ यात्रा को लेकर डीसी ने किया निरीक्षण, रथ मार्ग से हटेगा अतिक्रमण, सीसीटीवी से होगी निगरानी


रांची, 07 जुलाई (हि.स.)। जगन्नाथपुर रथ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने मंगलवार को निरीक्षण किया। डीसी मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का दौरा किया। इसके बाद प्रशासनिक भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और विद्युत व्यवस्था को लेकर कई निर्देश दिए।

प्रशासन ने रथ यात्रा मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए हैं। अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू करने को कहा गया है, ताकि रथ खींचने में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा मेला में एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी मौजूद रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने का निर्देश दिए है। विद्युत विभाग को सभी खुले बिजली के तारों की जांच कर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने और बैकअप की व्यवस्था रखने को कहा गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी होगी। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रेडी-टू-मूव स्थिति में तैनात रहेंगी। मेला में नियमित सफाई, पर्याप्त संख्या में बायो टॉयलेट और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया जाएगा।

मीडिया कवरेज के लिए वॉच टावर भी बनाया जाएगा। बैठक में जगन्नाथपुर मेला समिति को आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट बनाने का सुझाव दिया गया, ताकि यात्रा से जुड़ी सूचनाएं समय पर लोगों तक पहुंच सकें। स्वयंसेवकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने और उनकी विस्तृत ब्रीफिंग कराने के भी निर्देश दिए गए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक (शहर) पारस राणा, यातायात एसपी राकेश सिंह, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय, सदर एसडीओ कुमार रजत, अपर प्रशासक रांची नगर निगम संजय कुमार, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, विद्युत एवं सड़क विभाग के अभियंता, डीएसपी हटिया एवं मुख्यालय, अग्निशमन पदाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी तथा जगन्नाथपुर मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story