मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर उपायुक्त ने की राजनीतिक दलों के साथ बैठक

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर उपायुक्त ने की राजनीतिक दलों के साथ बैठक


देवघर, 18 जुलाई (हि.स.)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विशेष पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी 22 जुलाई 2026 को बीएलओ और बीएलए-2 की तीसरी संयुक्त बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

उपायुक्त ने बताया कि बैठक में बूथ स्तर पर मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर करने, मृत, दोहरी प्रविष्टि और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने एवं नए पात्र मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर चर्चा होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और राजनीतिक दलों के बीएलए-2 को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया।

शहरी क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के लिए 18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में बीएलओ एवं स्वयंसेवक छूटे हुए मतदाताओं को प्रपत्र उपलब्ध कराने और मैपिंग कार्य पूरा करने में जुटे हैं।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पांच श्रेणियों के मतदाताओं—मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि, पता न चलने वाले और सत्यापन प्रपत्र पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने वाले—के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। साथ ही बीएलओ को निर्देश दिया गया कि सत्यापन प्रपत्र के दोनों पृष्ठ आवश्यक टिप्पणियों एवं हस्ताक्षर के साथ ईसीआई नेट पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण की समय-सारणी भी साझा की गई। इसके अनुसार 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर सत्यापन अभियान जारी रहेगा, 05 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी, 05 अगस्त से 04 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी और उनका निपटारा 03 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके बाद 07 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी और संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थेे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story