प्रवासी श्रमिक के पिता को उपायुक्त ने सौंपी 50 हजार की सहायता राशि

WhatsApp Channel Join Now
प्रवासी श्रमिक के पिता को उपायुक्त ने सौंपी 50 हजार की सहायता राशि


देवघर, 30 सितंबर (हि.स.)। प्रवासी श्रमिक स्वर्गीय सुरेंद्र टुडू के निधन के बाद जिला प्रशासन ने उनके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। बुधवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने समाहरणालय सभागार में मृतक के आश्रित पिता चुड़का टुडू से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री झारखंड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष के तहत 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि का चेक सौंपा।

उपायुक्त ने दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को अविलंब आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सामाजिक सुरक्षा विभाग के तहत मिलने वाले पारिवारिक लाभ सहित सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से परिवार को तत्काल जोड़ा जाए, ताकि परिवार को आगे आजीविका चलाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बताया गया कि सुरेंद्र टुडू मुंबई से जसीडीह लौट रहे थे। इसी दौरान मध्य प्रदेश के बुरहानपुर और खंडवा रेलवे स्टेशनों के बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। यात्रा के दौरान उनके गांव के ही सहयात्री बुधिनाथ मरांडी भी उनके साथ थे।

घटना की सूचना मिलने के बाद देवघर जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रशासन के सहयोग से मृतक के पार्थिव शरीर को मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से उनके पैतृक गांव देवघर लाया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी प्रवासी श्रमिकों और उनके परिजनों से श्रमाधान पोर्टल पर निबंधन कराने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री झारखंड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष के तहत अप्रिय घटना या दुर्घटना की स्थिति में आश्रितों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है।

उपायुक्त ने जिले के सभी प्रवासी श्रमिकों से अपील की कि वे अपना पंजीकरण श्रमाधान पोर्टल पर अवश्य कराएं, ताकि किसी संकट की स्थिति में सरकार और प्रशासन की ओर से उन्हें समय पर सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, श्रम अधीक्षक शैलेंद्र कुमार शाह, एडीएसएस एवं सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story