समस्या के समाधान के लिए लोगों को कार्यालयों में ना लगाना पड़े चक्कर : ऋतुराज

WhatsApp Channel Join Now
समस्या के समाधान के लिए लोगों को कार्यालयों में ना लगाना पड़े चक्कर : ऋतुराज


रामगढ़, 18 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिला समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने बारी-बारी से अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने आमजनों की फरियाद को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित मामलों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन, विक्टिम कंपनसेशन स्कीम, जाति प्रमाण पत्र, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज एवं दखल-दिहानी, मुआवजा, रोजगार और नाली निर्माण सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष और गंभीरतापूर्वक जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि लोगों को समय पर राहत और न्याय मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story