जनसुनवाई में उपायुक्त ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जनसुनवाई में उपायुक्त ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश


रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनसामान्य से मुलाकात कर उनकी विभिन्न समस्याओं को सुना।

इस दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को संबंधित समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को मामलों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने में प्राथमिकता देने की बातें कही।

जनसुनवाई के दौरान छठ महापर्व के अवसर पर शहर के छठ घाटों पर सुबह और शाम अर्घ्य के दौरान छठ गीतों की प्रस्तुति को लेकर भी चर्चा हुई। रांची नगर निगम के विभिन्न वार्ड पार्षदों और विधायक प्रतिनिधि ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वंशावली सत्यापन, पेंशन योजनाओं में देरी, राशन कार्ड और पीडीएस से जुड़ी समस्याओं एवं दुर्गा पूजा के दौरान लाइट व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय स्वतंत्रता सेनानी टाना भगत संघ के प्रतिनिधियों ने जमीन के दाखिल-खारिज से संबंधित समस्याएं रखीं। इस पर अपर समाहर्ता रांची को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

माहेर आश्रम, बीजू पाड़ा में अध्ययनरत बच्चों को शैक्षणिक सत्र पूरा होने तक आश्रम में रहने की अनुमति देने का मामला सामने आया।

वहीं, एक आवेदक ने जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड उपलब्ध होने तक बेटी के प्रोविजनल एडमिशन का अनुरोध किया, जिस पर जिला शिक्षा अधीक्षक को स्कूल प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कराने का निर्देश दिया गया। जिला परिषद सदस्य सरीता देवी ने डीएमएफटी मद की योजनाओं पर चर्चा की। उपायुक्त ने जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने की बात कही।

मौके पर कई अधिकारी पदाधिकारी सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story