उपायुक्त का महागामा में जनसंवाद कार्यक्रम पांच को

WhatsApp Channel Join Now

गोड्डा, 04 अगस्त (हि.स.)। जिला प्रशासन की ओर से आमजनों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से 05 अगस्त को महागामा प्रखंड सभागार में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 03 बजे से शाम 4.30 बजे तक आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त लोकेश मिश्रा करेंगे।

जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से महागामा अनुमंडल क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में प्राप्त मामलों की सुनवाई उपायुक्त स्वयं करेंगे और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम में राजस्व, आपूर्ति, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, कल्याण, ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं पर भी सुनवाई की जाएगी। इसके लिए जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे, जिससे प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

जिला प्रशासन ने महागामा अनुमंडल क्षेत्र के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, बुद्धिजीवियों एवं युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी समस्याएं, शिकायतें रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

Share this story